बाराबंकी। जैदपुर पुलिस ने बुधवार की देरशाम हुई मुठभेड़ में पशु तस्कर व 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। इस दौरान गोली लगने से बदमाश के अलावा एक सिपाही भी घायल हुआ है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी यमुना प्रसाद ने बताय कि बुधवार की देर रात जैदपुर थाना क्षेत्र के टिकरा गांव के पास इंस्पेक्टर धर्मेन्द्र सिंह रघुवंशी की टीम के साथ शातिर बदमाश जियाउल्लाह की मुठभेड़ हो गई। पकड़ा गया बदमाश ग्राम टेरा का निवासी है। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में पुलिस का एक जवान भी घायल हुआ है जबकि बदमाश को भी गोली लगी है वहीं मौके से एक आरोपी फरार हो गया।
बदमाश और घायल सिपाही को पुलिस टीम द्वारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से बाइक, तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ करीब एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस गिरोह के अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।