बाराबंकी। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान रविवार को पूरा हो गया। इस दौरान 51 हजार से अधिक लोग नए मतदाता बने हैं। इनमें अकेले 16 हजार से अधिक युवा हैं। पहली बार मतदाता बने युवाओं ने कहा कि गांव से लेकर देश के विकास के लिए अच्छी सरकार में अच्छे लोगों का चुनना आवश्यक है। अब उन्हें भी मतदान करने का अधिकार मिला है।
निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान पांच दिसंबर तक बढ़ाया था जो रविवार को समाप्त हो गया। एक माह से अधिक समय तक चले पुनरीक्षण कार्य में युवाओं की सहभागिता अधिक रही। यही वजह है कि अब तक 16 हजार 18 युवा मतदाता बने हैं। इनमें 18 और 19 वर्ष की आयु वाले लड़के और लड़कियां शामिल हैं। हालांकि नए मतदाताओं की संख्या में अभी फाइनल आंकड़े आना बाकी है। मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद अब नाम बढ़ाने, हटाने और संशोधन आदि का काम हो सकेगा।
अंतिम दिन जिले के ज्यादातर बूथों पर मौजूद बीएलओ ने केंद्र पर आए युवाओं से आवेदन लेकर उनकी जांच की। पहली बार वोटर बने अभिषेक कुमार ने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल होने के बाद वह भी अपने क्षेत्र के अच्छे छवि के प्रत्याशी को वोट कर अच्छी सरकार बनाने में योगदान देंगे।
वहीं रिंकी ने कहा कि वोट का अधिकार मिलने से एक अलग तरह की अनुभूति हो रही है। बहुुत अच्छा लगा रहा है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेश कुुमार ने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान समाप्त हो गया है। अंतिम प्रकाशन के बाद भी जो नाम छूट गए हैं, उन्हें भी शामिल किया जा सकेगा।