बाराबंकी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित समीक्षा अधिकारी की परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। दो पालियों में 38 केंद्रों पर हुई इस परीक्षा में पंजीकृत 17184 अभ्यर्थियों में से प्रथम पाली में 9413 तो दूसरी पाली में 9251 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 46 फीसदी अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों की परीक्षा सकुशल संपन्न होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
जिले में समीक्षा अधिकारी की परीक्षा रविवार को 38 केंद्रों पर दो पालियों में हुई। केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था 12 सेक्टर में बांटी गई थी। इस परीक्षा में 17184 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। प्रथम पाली में सुबह साढ़े नौ बजे से साढ़े 11 बजे तक हुई परीक्षा में पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 9413 ने परीक्षा दी तो वहीं दूसरी पाली में दोपहर ढाई बजे से साढ़े तीन बजे तक 9251 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी तो 7933 गैरहाजिर रहे।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम दिखे। शिक्षकों के साथ पुलिस कर्मियों ने भी तलाशी करने के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया। वहीं आयोग के सदस्य की निगरानी में ट्रेजरी में रखे प्रश्नपत्रों की सील पैकिंग की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा केंद्रों पर भेजा गया। सेक्टर मजिस्ट्रेट भ्रमणशील रहकर परीक्षा केंद्रों की जांच करते रहे।
वहीं सभी केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात रहे। आयोग के सदस्य ने भी अधिकारियों के साथ केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा का हाल देखा। हालांकि परीक्षा संपन्न होने के बाद ओएमआर-शीट को लॉकअप में रखने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। डीआईओएस राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई।