सूरतगंज (बाराबंकी)। दरियाबाद नहर से निकली बिलखिया माइनर की पटरी शनिवार रात अचानक कट गई। इससे करीब सौ बीघा आलू व सरसों की फसल जलमग्न हो गई।
किसानों ने रेगुलेटर पर पहुंच माइनर का पानी बंद कराया। माइनर कटने से खेतों में करीब दो फीट मोटी सिल्ट जम गई है। किसानों का आरोप है कि माइनर की सफाई में सिर्फ औपचारिकता निभाई गई।
माइनर कटने की सूचना सिंचाई विभाग के अधिकारियों को रात में ही दी गई लेकिन रविवार तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे किसानों में जबरदस्त आक्रोश है।
सुढ़ियामऊ रेलवे स्टेशन मार्ग पर करंधा गांव के निकट बिलखिया माइनर पर पुलिया का निर्माण हो रहा है। पुलिया निर्माण कराने की जिम्मेदारी सिंचाई विभाग की है। पुलिया पर काम शुरू करने से पहले 25 मीटर माइनर पाट कर आवागमन के लिए एक अस्थायी रास्ता बनाया था।
शनिवार रात अचानक पानी छोड़ने से माइनर की पटरी का पांच मीटर हिस्सा कट गया। इससे रामचंद्र वर्मा, सहजराम, रमापति, रामपाल, मुजम्मिल, रामसिंह, बाबू, रजबुद्दीन, पप्पू, फकीरे लाल, रामचंदर यादव, गनेश रावत, अभय राज आदि की आलू और सरसों की करीब सौ बीघा फसल पानी से पूरी तरह से डूब गई।
किसानों के अनुसार सबसे ज्यादा आलू की फसल को नुकसान हुआ है। किसानों का कहना है कि यदि विभाग ने पानी छोड़े जाने से पहले ही पुलिया बना दी होती तो यह स्थिति न आती।
किसानों का आरोप है कि माइनर की सफाई कराने में सिर्फ औपचारिकता निभाई गई है, जिससे पानी छोड़ते ही माइनर की पटरी कट गई। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को शनिवार रात में ही सूचना दे दी इर्ग लेकिन रविवार शाम तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा था। इससे किसान नाराज हैं।
उफनाई माइनर, जलमग्न हुई फसल
सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। कंधईपुर माइनर में अचानक पानी आने के चलते किसानों के खेतों में लगी आलू, गेहूं, सरसों और मटर की फसल जलमग्न हो गई। किसानों का आरोप है कि माइनर की सफाई मानक के अनुरूप न कराए जाने से माइनर उफना गई जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
शारदा सहायक की दरियाबाद नहर से निकलने वाली कंधईपुर माइनर में बीती रात अचानक पानी छोड़े जाने के चलते माइनर उफना गई और पानी किसान जवाहर, रिंकू, संतोष, मनोज, ननकू, नीरज के खेतों में भर गया। इन किसानों की करीब 50 बीघा आलू, सरसों, गेहूं और मटर की फसल जलमग्न हो गई।
किसानों के अनुसार खेतों में फसल की बोआई हो गई थी। शनिवार रात अचानक माइनर में पानी छोड़ने से खेत जलमग्न हो गए। यदि पानी खेतों में अधिक समय तक रहा तो फसल सड़ जाएगी।
सूरतगंज और सिरौलीगौसपुर में माइनर कटने की सूचना मिलने पर सिंचाई विभाग के कर्मचारियों को तत्काल मौके पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि इसके बाद भी इसमें लापरवाही बरती गई तो ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राकेश कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग