दरियाबाद (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र में सोमवार रात के घर में घुसकर बदमाशों ने एक महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसकर पिटाई की। उसके बाद बक्से में रखी नकदी व आभूषण लूटकर भाग गए। बाहर लेटे महिला के बेटों को इसकी भनक तक नहीं लगी। देर रात महिला के कराहने की आवाज सुनकर बेटा अंदर पहुंचा तो इसकी जानकारी हुई। महिला को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं इसकी सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
घटना दरियाबाद थाना क्षेत्र के मियांगज की है। यहां के निवासी शिव कुमार प्रजापति के घर में रात के अंधेरे में दीवार फांदकर अंदर पहुंचे बदमाशों ने अंदर रखे बक्से को खंगाल रहे थे। तभी इसकी भनक घर में सोई पत्नी शिवकुमारी को लगी। वह जब तक शोर मचाती बदमाशों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसकी पिटाई की। इसके बाद पहने हुए गहने, नाक की कील, कान के बाले व पायल उतरवा लिया। वहीं बक्से में रखी 22 हजार रुपये की नकदी व सोने का हार समेत अन्य आभूषण भी लूटकर भाग गए।
आरोप है कि बदमाशों ने होली के लिए लाए गए नए कपड़े, जरूरी दस्तावेज, बच्चों के शैक्षिक प्रमाण-पत्र भी जला दिए। मगर घर के बाहर सोए बेटों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सुबह के समय घर से कराहने की आवाज आने पर बेटा श्रवण अंदर पहुंचा तो मां जमीन पर पड़ी थी। यह देख वह परेशान हो गया। परिवारीजनों ने सुबह चार बजे गांव में गश्त कर रही पुलिस को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद एसओ मौके पर पहुंचे। घायल महिला को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। उसके बाद डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच की। घर में पड़े खून व मुंह में ठूंसे गए कपड़े का नमूना लिया। डॉग स्क्वायड भी गांव में घूमकर वापस लौट आया। देर शाम बेटे श्रवण की तहरीर पर पुलिस ने लूट का केस दर्ज किया। एसओ दुर्गा प्रसाद शुक्ल ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
गले नहीं उतर रही सूचना में विलंब व कपड़े जलाने की बात
मियागंज गांव में रात एक बजे घर में घुसकर लूटपाट की सूचना विलंब से देने व नए कपड़े जलाने की बात पुलिस के गले नहीं उतर रही है। पुलिस का कहना कि लूटपाट की घटना की जानकारी बाहर सोए बेटे व पड़ोसियों तक को नहीं हुई। वहीं परिवारजनों ने डायल 112 पर भी सूचना देना जरूरी नहीं समझा।
पुलिस के मुताबिक, शिव कुमार का बेटा संदिग्ध दशा में मंगलवार की भोर गश्त कर रही पुलिस को मिला। उससे पूछताछ की गई तो उसने घटना की जानकारी दी। वहीं घर में नए कपड़ों को जलाने की बात भी समझ से परे है।