कुर्सी (बाराबंकी)। लखनऊ से रुपए देने आमरून फैक्ट्री जा रहे बाइक सवार दो युवकों से नकाबपोश चार बदमाशों ने साढ़े सात लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नवागत एसपी अनुराग वत्स व प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे। मामले में दोनों युवकों को थाने में लाकर पूछताछ की जा रही है।
घटना कुर्सी थाना क्षेत्र के बेहटा स्थित जबरी रोड पर निर्माणाधीन किसान पथ के नीचे सोमवार की देर शाम हुई। लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र निवासी एम फैजान ने पुलिस को बताया कि उसने लखनऊ में 15 एटीएम से साढ़े सात लाख रुपए निकाले। उसके बाद अपने मित्र आजम के साथ आमरून फैक्ट्री के मुंशी मो. जैद को रुपये देने वो बाइक से आ रहा था।
बेहटा पुल के पास पहुंचा ही था कि पहले से खड़े बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने लोहे की राड से हमला कर दिया। जिसके चलते बाइक से हम दोनों गिर गए। इसके बाद बदमाश तमंचा दिखाकर उससे साढ़े सात लाख रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। जिसकी सूचना उसने 112 पर पुलिस को दी।
सूचना पाकर जब पुलिस पहुंची तो मौके पर आजम नहीं था, हालांकि कुछ देर बाद आ गया। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी। मौके पर एसपी अनुराग वत्स भी पहुंचे। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि लूट की सूचना पर मौके पहुंचकर जांच की। दोनों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।