बाराबंकी। सीएमओ के आदेश पर नोडल अधिकारी की टीम ने बृहस्पतिवार को एक अस्पताल पर छापा मारा। जांच के दौरान यह अस्पताल बिना लाइसेंस के संचालित होते पाया गया। टीम ने संचालक से जब प्रपत्र दिखाने को कहा तो वह बगले झांकने लगा। इसके अलावा अस्पताल में कई प्रकार की खामियां पाए जाने पर इसे सील करते हुए संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
सीएमओ को सूचना मिली की सूरतगंज क्षेत्र में झंझरा चौराहे पर सेवा हॉस्पिटल के नाम से बिना लाइसेंस के अस्पताल का संचालन किया जा रहा है। सूचना पर सीएमओ ने नोडल अधिकारी डॉ. राजीव दीक्षित को जांच के आदेश दिए। नोडल अधिकारी ने सीएचसी अधीक्षक सूरतगंज को तत्काल मौके पर जाकर मामले की जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए।
मामले की जांच करने पहुंचे सीएचसी अधीक्षक के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम को देख वहां मौजूद कर्मियों में हड़कंप मच गया। कुछ कर्मचारी तो चुपके से अस्पताल से निकल गए। सीएचसी अधीक्षक ने जब अस्पताल संचालक से लाइसेंस दिखाने को कहा तो वह बगले झांकने लगा और सवालों का सही से जवाब भी नहीं दे पाया।
इसके अलावा जांच में और भी कई प्रकार की खामियां पाए जाने पर अस्पताल को सील कर दिया गया है और पूरे मामले की जांच रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी गई है। सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा ने बताया कि सूचना पर अस्पताल की जांच कराई गई तो वह बिना लाइसेंस के संचालित होते पाया गया है इस पर अस्पताल को सील कराते हुए संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।