बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या हाईवे किनारे किए गए अतिक्रमणकारियों के खिलाफ एनएचएआई ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को चौपुला से लेकर रसौली तक अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुलडोजर लगा अवैध निर्माण ढहा दिए गये। इसके अलावा अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा किसी ने कब्जा किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एनएचएआई की इस कार्रवाई से अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया है।
लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर चौपुला से लेकर रसौली तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। एनएचएआई के अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में अवैध तरीके से बनाए गए भवनों को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया गया। एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि अवैध रुप से कब्जा करने वालों को पहले नोटिस देकर निर्देश जारी कर दिए गए थे और समय निर्धारित कर दिया गया था कि वह अतिक्रमण स्वयं हटा लें।
लेकिन इसके बाद भी कई लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। इस पर इनके खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए यह कार्रवाई की गई है। जैसे ही एनएचएआई का बुलडोजर गरजना शुरू हुआ वैसे ही अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया और लोग स्वयं से अपना अतिक्रमण हटाने लगे तो कुछ ने अवैध तरीके से खड़ा किया गया अवैध निर्माण ढहाना शुरू कर दिया।
अतिक्रमण करने वालों को पहले ही नोटिस देकर आगाह कर दिया गया था कि वह अतिक्रमण स्वयं हटा लें। लेकिन कई लोगों द्वारा ऐसा नहीं किया गया जिस पर इनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है और आगे जारी रहेगी। क्योंकि यह अभियान अब कई दिनों तक चलेगा और हाईवे किनारे जहां पर भी अतिक्रमण होगा उसे हटाया जाएगा।
-प्रमोद यादव, रेजीडेंट इंजीनियर, एनएचएआई
अवैध प्लॉटिंग करने वालों पर हुई कार्रवाई
डीएम द्वारा गठित टीम ने मंगलवार को कई स्थानों पर अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराई गई। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुमित यादव के निर्देश पर एमए जिला पंचायत संजय कुमार, नायब तहसीलदार आकाश संत, केपी सिंह, कुमकुम मिश्रा व पुलिस टीम द्वारा ग्राम बस्ती में विनीत कुमार वर्मा निवासी विकासनगर, लखनऊ एवं सुरेंद्र कुमार गुप्ता निवासी इंदिरानगर द्वारा देवअर्थ इंफ्रा डेवलपर्स प्रा.लि. के नाम से किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया।
इसी प्रकार सचिंद्र कुमार निवासी खजुरिहा, जिला महाराजगंज, धर्मेंद्र कुमार निवासी तिलकपुरवा मजरे बस्ती, परगना देवां, शैलेंद्र सिंह निवासी खसपरिया, राघवेंद्र प्रताप सिंह, भारतेंद्र प्रताप सिंह, शिवप्रताप सिंह, निवासी ग्राम बस्ती, हरीश सिंह, निवासी कैट रोड, उदयगंज, न्यू डायमण्ड डेयरी, लखनऊ द्वारा की गयी निर्माणाधीन अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कराई गयी।
नोटिस के बाद अतिक्रमण हटाने में खुद जुटे लोग
फतेहपुर। नगर पंचायत द्वारा मुख्य मार्गों व गलियों में अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई संचालित की जा रही है। कस्बे में गली मोहल्लों में कई दुकानदारों व घर मालिकों द्वारा नालियों पर अवैध रूप से छज्जा व सीढ़ियों का निर्माण करा रखा है।
कस्बे के मार्गों के अतिक्रमण को हटाने के साथ नगर पंचायत द्वारा नगर के विभिन्न वार्डों में दुकानदारों व घर मालिकों को रास्ते पर किये गए अतिक्रमण को हटाने का नोटिस जारी कर रखा है। इसके बाद से अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप है। कार्रवाई से बचने के लिए अब अतिक्रमण के घेरे में आने वाले लोग स्वयं ही आगे आकर अवैध निर्माण में चिह्नित कर छज्जे व सीढ़ियों को तोड़ने में जुट गए हैं। संवाद