बाराबंकी। शहर के कई चौराहों के सौंदर्यीकरण और मार्ग चौड़ीकरण को लेकर रविवार को नगर पालिका परिषद द्वारा जेसीबी के जरिये चौराहों के आसपास हुए अतिक्रमण हटाए गए। वीकेंड लॉकडाउन होने के चलते इस कार्य में जाम आदि जैसी दिक्कतें नहीं आईं। वहीं अतिक्रमण हटने की सूचना पाकर पटरी दुुकानदारों में बेचैनी रही।
इन दिनों शहर के नाका सतरिख, पटेल तिराहा, कंपनी बाग चौराहा, पल्हरी चौराहा आदि के सौंदर्यीकरण के साथ मार्ग चौड़ीकरण का काम पीडब्लूडी द्वारा कराया जा रहा है। इसे लेकर शनिवार शाम डीएम डॉ. आदर्श सिंह और एसडीएम अभय पांडेय ने अन्य अधिकारियों के साथ शहर में भ्रमण कर प्रगति का हाल देखा और चौराहों के आसपास फैले अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए थे।
इसे लेकर रविवार को सुबह से ही नगर पालिका परिषद द्वारा जेसीबी के माध्यम से नाका सतरिख, कंपनी बाग चौराहा समेत कई अन्य चौराहों के आसपास फैले अतिक्रमण को हटवाया गया। वीकेंड लॉकडाउन होने के चलते अतिक्रमण हटाने में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं हुई।
उधर, अतिक्रमण हटने की भनक पाकर संबंधित पटरी दुकान जरूर मौके पर पहुंचे। इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अधिशासी अभियंता पवन कुमार ने बताया कि सौंदर्यीकरण को लेकर चौराहों के आसपास के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई है।