बाराबंकी। लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए आरटीओ कार्यालय का चक्कर नहीं कटाना पड़ेगा और समय की बचत होने के साथ ही आवेदक दलालों के चुंगल से बचेगा। उप संभागीय कार्यालय में आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस की व्यवस्था 23 अगस्त से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में जिले में शुरू की जा रही है।
एआटीओ प्रशासन पंकज सिंह ने बताया कि इस नई व्यवस्था के तहत लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदक को कार्यालय आने की कई जरूरत नहीं होगी। यह व्यवस्था पूर्णतया ऑनलाइन और कैशलेस माध्यम से दी जाएगी। ऑनलाइन लाइसेंस बनने से जहां एक ओर आम जनता को उपसंभागीय कार्यालय में लगने वाली लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी वही एजेंटों से छुटकारा भी मिलेगा।
आवेदकों को अब लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए संभागीय परिवहन कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जिले में ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस बनवाने की पायलट प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसके तहत घर बैठे ही लोग लर्निंग लाइसेंस का प्रिंट आउट ले सकेंगे। 23 अगस्त से घर बैठे लाइसेंस बनना शुरू हो जाएगा।
ऐसे करें आवेदन
आवेदक द्वारा सारथी पोर्टल(https://sarathi.parivahan.gov.in ) पर लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन करते समय अपना आधार नंबर दर्ज करने तथा उसके सफल आधार प्रमाणीकरण के बाद आधार कार्ड पर संरिक्षत आवेदक का नाम, पिता/माता का नाम, पता, फोटो तथा जन्मतिथि स्वत: फेच होकर आवेदक के आवेदन फार्म पर अंकित हो जाएगी। इस प्रकार आवेदक के फार्म भरने की प्रक्रिया भी सरल एवं त्वरित हो जाएगी। आवेदक को अनिवार्य रूप से आवेदन फार्म में वह वही मोबाइल नंबर अंकित करना होगा जो आधार कार्ड पर दर्ज हो।
ऑनलाइन होगा फीस का भुगतान
आवेदक को आवश्यक दस्तावेजों को अपलोड करने तथा नियमानुसार फीस का भुगतान ऑनलाइन करना होगा। इसके बाद सारथी पोर्टल पर ही सड़क सुरक्षा का ट्यूटोरियल ऑनलाइन रूप से पूरा करना होगा। आवेदक के आवेदन की कार्यालय स्तर पर फेसलेस स्क्रूटनी व जांच की जाएगी। जिसमें आवेदक को कार्यालय जाने की कोई जरूरत नहीं होगी।
देना होगा ऑनलाइन टेस्ट
कार्यालय द्वारा स्क्रूटनी के समय आवेदन के सही पाए जाने पर आवेदक को उसके आवेदन फार्म पर दर्ज मोबाइल नंबर पर लर्निंग लाइसेंस के ऑनलाइन टेस्ट के लिए ओटीपी भेजी जाएगी। सड़क सुरक्षा ट्यूटोरियल पूरा करने के बाद तथा उसके मोबाइल नंबर पर भेजी गई ओटीपी से वह घर बैठे ही सारथी पोर्टल पर लर्निंग लाइसेंस का ऑनलाइन टेस्ट दे सकता है। ऑनलाइन टेस्ट उत्तीर्ण होने पर लाइसेंस प्राधिकारी द्वारा अनुमोदन किए जाने के बाद आवेदक को अपना लर्निंग लाइसेंस डाउनलोड कर सकता है।