बाराबंकी। अपर जिलाधिकारी ने सोमवार को एसडीएम सदर के साथ नवीन मंडी में संचालित धान खरीद केंद्रों पर छापा मारा। इस दौरान मौके पर मौजूद किसानों की समस्याओं को सुना और केंद्र प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि केंद्र पर आने वाले किसानों को असुविधा हुई तो इसके लिए सीधे केंद्र प्रभारी जिम्मेदार होंगे और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एडीएम राकेश कुमार सिंह ने एसडीएम सदर सुमित यादव के साथ नवीन मंडी में विपणन शाखा के केंद्र पर छापा मारा। यहां पर मौजूद तिलोकपुर निवासी कृष्णकांत ने बताया कि वह एक नवंबर से खड़ा है लेकिन उसका धान नहीं तौला जा रहा है। जरहरा निवासी राम सिंह ने बताया कि उन्हें न तो टोकन दिया जा रहा है और न ही उनका धान तौला जा रहा है जबकि वह एक नवंबर को अपना धान लेकर आ गए थे। किसानों ने केंद्र प्रभारियों पर मनमानी करने का आरोप भी लगाया।
निरीक्षण के दौरान एडीएम को किसी भी क्रय केंद्र पर टोकन रजिस्टर मौजूद नहीं मिला। जिस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद केंद्र प्रभारियों को व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। कहा कि किसानों को टोकन जारी कर दिए जाएं, इसका रजिस्टर भी बनाया जाए। जिस पर प्रतिदिन किस किसान से कितनी धान की तौल हुई इसका पूरा विवरण दर्ज किया जाए।
एडीएम ने सख्त लहजे में केंद्र प्रभारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र पर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा हुई तो संबंधित केंद्र प्रभारी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस मौके पर आलोक रंजन, संजय सिंह आदि मौजूद रहे।
पीसीएफ केंद्रों पर शुरू हुई तौल
मंडी में मौजूद वरिष्ठ विपणन अधिकारी आलोक रंजन ने एडीएम को बताया कि पीसीएफ के केंद्रों पर भी धान की तौल शुरू हो गई है। हड़ताल पर गए सचिव वापस आ गए हैं। जिस पर एडीएम ने पीसीएफ केंद्र पर पहुंचकर जांच की और मौके पर मौजूद कर्मी को आवश्यक निर्देश भी दिए।
मानक के अनुसार हो धान की खरीद
फतेहपुर। आरएफसी अयोध्या मंडल एसएन पांडेय ने सोमवार को कुर्सी व फतेहपुर धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सत्यापन रजिस्टर व केंद्र पर मौजूद किसानों से बात की। मौके पर मौजूद केंद्र प्रभारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शत-प्रतिशत किसानों से ही धान की खरीद की जाए इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अयोध्या मंडल के संभागीय खाद्य नियंत्रक ने कुर्सी धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र पर तौल की जा रही थी। केंद्र प्रभारी को निर्देश दिए कि धान का जो मानक निर्धारित है उसी के तहत धान की तौल की जाए। डैमेज धान न खरीदा जाए। इसके पश्चात उन्होंने फतेहपुर क्रय केंद्र का निरीक्षण किया।
यहां पर मौजूद केंद्र प्रभारी ने बताया कि पांच किसानों द्वारा डैमेज धान लाया गया था जिसे वापस कर दिया गया। अब तक छह किसानों से करीब सौ क्विंटल धान की तौल की गई। जिस पर आरएफसी ने कहा कि मानक के अनुसार ही धान की खरीद की जाए। इस दौरान एसडीएम सचिन वर्मा, तहसीलदार राहुल सिंह, केंद्र प्रभारी राजीव सिंह आदि मौजूद रहे। (संवाद)