बाराबंकी। धान खरीद को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं पांच एजेंसियों ने 34 केंद्रों पर धान खरीद करने की सूची विभाग को उपलब्ध करा दी है। इसके अलावा खरीद की लाइन में अभी कई और एजेंसियां लगी हैं। इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि केंद्रों की संख्या अभी बढ़ सकती है।
जिले में 1 नवंबर से धान खरीद शुरू होनी है इसको लेकर अभी से तैयारियां तेज कर दी गई हैं और केंद्रों के निर्धारण का कार्य तेज गति से चल रहा है। अभी तक विपणन शाखा, पीसीयू, पीसीएफ, एफसीआई और मंडी ने ही खरीद केंद्रों की सूची विभाग को सौंपी है। ये एजेंसियां 34 स्थानों पर धान की खरीद करेगी।
जबकि पिछले साल धान खरीद के लिए 56 केंद्र खोले गए थे। लेकिन इस बार भी धान खरीद केंद्रों की संख्या करीब 60 हो सकती है। क्योंकि यूपीएसएस, यूपी एग्रो जैसी एजेंसियों ने खरीद केंद्रों की सूची अभी विभाग को नहीं सौंपी है। इन एजेंसियों के सूची सौंपने के बाद अनुमान लगाया जा सकता है कि खरीद केंद्रों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।
विभाग का कहना है कि इस बार उन्हीं किसानों का धान सरकारी केंद्रों पर खरीदा जाएगा जिन्हें पहले से अपना पंजीकरण करा रखा है जिन किसानों का पंजीकरण नहीं होगा वह सरकारी केंद्रों पर अपना धान नहीं बेच पाएंगे। पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और किसान किसी भी जनसेवा केंद्र के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
धान खरीद के लिए विपणन शाखा समेत पांच एजेंसियों ने अभी तक 34 केंद्रों की सूची सौंपी है। चूंकि जिले में धान की खरीद एक नवंबर से शुरू होनी है। इसलिए केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया अभी चल रही है। जल्द ही खरीद केंद्रों की सूची फाइनल कर दी जाएगी।
-रमेश कुमार, जिला खाद्य विपणन अधिकारी