सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। एक सप्ताह पहले सरयू नदी में लापता हुए ग्राम प्रधान का शव घटनास्थल से करीब 50 किलोमीटर की दूर बांध पर अनुरक्षण कार्य कर रहे मजदूरों द्वारा देखा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला बता रही है। जबकि परिजनों ने पीएम रिपोर्ट के आधार पर शिकायत करने की बात कही है।
मामला कोतवाली बदोसरायं क्षेत्र की ग्राम पंचायत मरकामऊ का है। यहां के ग्राम प्रधान आनंद शंकर गुप्ता बीते बुधवार को दोपहर करीब दो बजे विकासखंड सिरौलीगौसपुर जाने की बात कह कर घर से निकले थे। देर शाम तक वह वापस नहीं लौटे। इसी दौरान गोंडा मार्ग पर रामनगर थाना क्षेत्र के सरयू नदी पर बने संजय सेतु पर उनकी बाइक व मोबाइल मिला था।
एक पुलिस कर्मी द्वारा उनके भाई रवि शंकर गुप्ता के फोन पर कॉल की गई कि यहां पर बाइक की सीट पर मोबाइल रखा मिला है। इस पर उनके परिजन व गांव के कुछ लोग पुल पर पहुंचे। भाई रविशंकर ने इसकी सूचना रामनगर पुलिस को दी। घटना के दूसरे दिन एनडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर उनकी काफी तलाश की लेकिन पानी के तेज बहाव के चलते उन्हें कुछ भी हाथ नहीं लगा।
मंगलवार की शाम थाना टिकैतनगर क्षेत्र के किटौली के पास एल्गिन चरसडी बांध पर बांध अनुरक्षण का कार्य कर रहे मजदूरों द्वारा नदी में उतराता हुआ शव देखा गया। नदी के किनारे चिपकाए गए पोस्टरों से उसकी हुलिया मिलने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
इस पर पुलिस व परिजनों द्वारा ग्राम प्रधान आनंद शंकर गुप्ता के रूप में पहचान करने के बाद कार्रवाई शुरू की गई। मामले में परिजनों ने अब तक किसी पर हत्या की आशंका नहीं जताई गई है और न ही कोई तहरीर दी है। वहीं पोस्टमॉर्टम हाउस में विधायक शरद अवस्थी, पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप समेत प्रधान संघ के तमाम सदस्य पहुंचे व देर शाम हुए मृतक प्रधान के अंतिम संस्कार में भी लोगों की भीड़ उमड़ी।
पहले सेल्फी ली फिर नदी में कूद गए
आनंद शंकर गुप्ता के शव मिलने की सूचना उनकी पत्नी व उनके बच्चों को मिली तो उनका रो-रो कर काफी खराब हाल हो रहा था। वह बार-बार उस मनहूस घड़ी को कोस रहे थे जब वह सिरौलीगौसपुर विकासखंड मुख्यालय जाने की बात कहकर घर से निकले थे। यदि उन्हें यह मालूम होता कि घर से जाने के बाद में दोबारा वापस नहीं आएंगे तो उन्हें वे कदापि जाने नहीं देती।
आनंद ने पहली बार ग्राम प्रधान का कार्यकाल कुशलतापूर्वक पूरा किया था। दूसरी बार उनके हाथों से प्रधान की सीट चली गई थी। तीसरी बार पुन: ग्राम प्रधान चुने गए थे। पुलिस को मृतक के मोबाइल खंगालने के बाद मिली सेल्फी से साफ जाहिर हो गया था कि प्रधान ने नदी में ही छलांग लगाई है। अंतिम ली गई सेल्फी में उनकी आंखों से आंसू टपक रहे थे।
सरयू नदी से प्रधान का शव बरामद किया गया है। अभी तक की जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। परिजन जो तहरीर देंगे व पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण पता लगने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
-यमुना प्रसाद, एसपी