बाराबंकी। करीब सौ साल पहले काशी से कनाडा गयी मां अन्नपूर्णा की दुर्लभ प्रतिमा की एक बार फिर काशी में प्राण प्रतिष्ठा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से देश को वापस मिली मूर्ति को लेकर दिल्ली से निकली शोभा यात्रा शनिवार को जिले की सीमा में प्रवेश करेगी। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद सहित समाज के कई संगठनों के साथ ही भाजपा ने भी जिले में शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किये जाने की तैयारी की है।
प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी अर्चना मिश्रा मूर्तियों के स्वागत को लेकर की जा रही तैयारियों की नियमित निगरानी में जुटी हैं। शनिवार को शोभा यात्रा 3 बजे सफेदाबाद स्थित हनुमान मंदिर पहुंचेगी जहां मूर्तियों की विधि विधान से पूजा अर्चना की जाएगी।
इसके बाद सफदरगंज चौराहा एवं भिटरिया चौराहे पर भी पूजन अर्चन एवं पुष्प वर्षा के लिए श्रद्धालु जुटेंगे। शुक्रवार को भाजपा कार्यालय पर आयोजित हुई तैयारी बैठक में जिला अध्यक्ष शशांक कुसुमेश ने बताया कि मां अन्नपूर्णा की दुर्लभ प्रतिमाओं का जिले में जोरदार स्वागत किया जाएगा।
सदस्या अभियान को लगा शिविर
भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रोहित सिंह के नेतृत्व में जवाहर लाल नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सदस्यता अभियान के तहत एक शिविर का आयोजन किया गया। सांसद उपेन्द्र सिंह रावत ने बतौर मुख्य अतिथि फीता काटकर इस अभियान का शुभारंभ किया। इसमें काफी छात्र छात्राओं को भाजपा की सदस्यता दिलायी गयी। संवाद