आनन फानन में घबराए चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर बता उसे जिला महिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इसके साथ ही पूरा स्टाफ सीएचसी से भाग गया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने महिला को मृत बताया। इस घटना से भड़के परिवारीजनों ने जिला अस्पताल में हंगामा किया। डॉक्टरों ने उन्हें शांत कराया।
मसौली क्षेत्र में चिलौकी निवासी सतीश की पत्नी सुनैना (22) आशा बहू के साथ शनिवार को सीएचसी बड़ागांव पर नसबंदी कराने गई थी। डॉ. एमके गुप्ता और उनकी टीम ने महिला की नसबंदी की।
परिवारीजनों का आरोप है कि नसबंदी के दौरान महिला की मौत हो गई। सतीश के मुताबिक इस बात की जानकारी दोपहर करीब एक बजे उसे मोबाइल पर दी गई।
जानकारी मिलते ही सीएचसी पहुंचा तो वहां का सारा स्टाफ गायब था। वहां पर मौजूद लोगों ने बताया कि एक महिला की नसबंदी के दौरान मौत हो गई जिससे पूरा स्टाफ भाग गया है।
चिकित्सकों ने महिला को गंभीर बताकर आनन-फानन में एंबुलेंस से जिला महिला अस्पताल भेज दिया। जिला महिला अस्पताल पहुंचने पर बताया गया कि महिला को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था।
कुछ ही देर में सतीश के अन्य परिवारीजन भी पहुंच गए और हंगामा करने लगे। सतीश का आरोप है कि डॉ. एमके गुप्ता और उनकी टीम ने आपरेशन में लापरवाही की जिससे उसकी पत्नी की मौत हुई। सतीश के दो बच्चे हैं।