नूरापुर गांव में एक किशोरी ने बुधवार देर शाम केरोसिन डालकर खुद को आग लगा लिया। जब तक परिवारीजन व ग्रामीण उसे बचाते तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। उसे उपचार के लिए ले जाया जा रहा था कि उसकी घर में ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम नूरापुर निवासी सरिता सिंह (15) पुत्री महेंद्र सिंह ने बुधवार शाम करीब सवा सात बजे अज्ञात कारणों के चलते खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली। जिस समय उसने आग लगाया उस समय वह घर के अंदर अकेली थी और परिवारीजन बाहर थे। चीख पुकार सुनकर परिवारीजन अंदर जाकर देखा तो किशोरी जल रही थी। ग्रामीणों व परिवारीजनों ने किसी तरह आग पर काबू पाकर उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कोठी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिली है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।