देश की राजधानी नई दिल्ली के वीआईपी इलाके में दो दिन पहले एक वृद्धा की हत्या कर लाखों रुपये की लूटपाट की गई थी। इस मामले में बाराबंकी से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस व जिले की क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी को मंगलवार सुबह सुबेहा इलाके में हैदरगढ़ मार्ग से पकड़ा है।
उसके पास से पुलिस ने लूट के एक लाख 53 हजार रुपये की नकदी व सोने और चांदी के 60 हजार कीमत के जेवरात बरामद किए। दिल्ली पुलिस आरोपी को अपने साथ लेकर चली गई है। एसपी अब्दुल हमीद ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।
एएसपी उत्तरी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने मंगलवार को पुलिस लाइन में बताया कि 24 जुलाई को नई दिल्ली के लाजपतनगर वीआईपी इलाके में मकान नंबर 86 के थर्ड फ्लोर पर अशोक आहूजा के घर एक अज्ञात व्यक्ति घुस गया। उसने विमला रानी की हत्या कर लाखों की नकदी व जेवरात लूट लिए।
दिल्ली पुलिस के थाना लाजपतनगर में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। जांच में पता चला कि बाराबंकी जिले के रामपुर मजरे मोहम्मदपुर गांव निवासी कमल उर्फ कमलेश ने वृद्धा की हत्या की थी। मंगलवार सुबह पहुंची दिल्ली पुलिस ने क्राइम ब्रांच की टीम के सहयोग से आरोपी को हैदरगढ़ मार्ग से धर दबोचा है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल किया है। आरोपी के पास से 60 हजार रुपये कीमत की एक सोने की चेन, एक जोड़ी कान के झुमका व एक लाख 53 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है।
क्राइम ब्रांच स्वाट टीम प्रभारी विकास पांडेय ने बताया कि आरोपी कमल उर्फ कमलेश मृतक वृद्धा के बेटे अशोक आहूजा की पर्स की दुकान पर दो साल से नौकरी करता था। इनकी पर्स की दुकान का गोदाम घर पर ही था। आरोपी को इस बात का पता था कि घर पर काफी पैसा है, जिसके बाद उसने लूटपाट का प्लान बनाया।
इसके बाद आरोपी करीब 20 दिन पहले छुट्टी लेकर घर चला आया। आरोपी 24 जुलाई को दिल्ली पहुंचा। घर जाकर उसने वृद्धा के सिर पर लोहे की हथौड़ी से वार कर हत्या कर दी और लूटपाट की।
पुलिस ने जब जांच शुरू की तो घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में आरोपी को देखा गया। मृतका के बेटे ने बताया कि वह उसकी दुकान का नौकर है। इसके बाद ही पुलिस ने बाराबंकी आकर आरोपी को पकड़ लिया।