बिल्डिंग मैटेरियल व्यापारी की कनपटी पर असलहा लगाकर बदमाशों ने मंगलवार शाम 29 हजार रुपये लूट लिए और भाग निकले। बाइक सवार बदमाश हेलमेट पहन रखे थे।
हैदरगंज थाना क्षेत्र के जाना बाजार-हैदरगंज मार्ग पर मनोराम पाठक की बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है।
व्यापारी ने बताया कि मंगलवार शाम तकरीबन पांच बजे रामलौट प्रजापति निवासी ग्राम चिड़िहवा, खपराडीह 29 हजार रुपये पुराना बकाया देने आए थे। बकाया देने के कुछ देर बाद रामलौट चले गए। उनके जाते ही बाइक सवार तीन युवक दुकान पर पहुंचे और तमंचा लगा दिए।
व्यापारी ने बताया कि बदमाश दुकान में रखा 29 हजार रुपये लेकर भाग निकले। व्यापारी ने इसकी सूचना 100 नंबर पर देने का प्रयास किया लेकिन फोन नहीं लगा। थाने पहुंचकर व्यापारी ने पुलिस को तहरीर दी है। हैदरगंज थानाध्यक्ष आरपी रावत ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच करवाई जा रही है।