एक सप्ताह पहले हैदरगढ़ क्षेत्र में हाइवे पर रोड होल्डअप की वारदात में वांछित चार शातिर बदमाशों को पुलिस ने गुरुवार रात ग्राम पेचरुआ के पास गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के वक्त यह शातिर नई वारदात की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से दो तमंचा, लूट का साढे़ 13 हजार रुपये व दो मोबाइल फोन बरामद किया है। चारों बदमाशों को जेल भेजा गया है।
लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर ग्राम चौबीसी के पास शातिर बदमाश 26 दिसंबर की रात एक गाड़ी में सवार चालक समेत तीन लोगों की पिटाई कर उनके पास से नगदी व मोबाइल फोन लूट ले गए थे। हैदरगढ़ कोतवाली पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की थी। एसपी अब्दुल हमीद ने रोड होल्डअप करने वाले शातिरों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी दक्षिणी, क्षेत्राधिकारी सदर व क्राइम, क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ को जिम्मेदारी दी।
पुलिस ने टीम में शामिल प्रभारी निरीक्षक हैदरगढ़ कोतवाली चंद्रशेखर सिंह, सर्विलांस सेल के प्रभारी संतोष कुमार सिंह, एसआई अजीत कुमार सिंह, आरक्षी दिलबहार यादव बृजनाथ द्विवेदी ने बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे मुखबिर की सूचना पर सुबेहा हैदरगढ़ रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास पेचरुआ गांव में आम के बाग में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए शातिर बदमाशों में अंकित तिवारी व अभिनव तिवारी उर्फ करुणा शंकर तिवारी उर्फ सोनू निवासी रोहना मीरापुर थाना सुबेहा, देवेंद्र नाई व नरेंद्र यादव निवासी ग्राम खरसतिया कोतवाली हैदरगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो तमंचा, लूटे गए साढ़े तेरह हजार रुपये व लूट के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने चारों अपराधियों को जेल भेजा है। पुलिस अधीक्षक अब्दुल हमीद ने शातिर अपराधियों के पकड़ने वाली टीम को सम्मानित किया है। एसपी ने टीम के उत्साहवर्धन के लिए उसे पांच हजार रुपये नगद का पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र दिया है।