मारपीट के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
जिले के मंत्री के ड्राइवर पर सुल्तानपुर के ग्राम प्रधान ने मारपीट और फायर करने का आरोप लगाया है। प्रधान ने शुक्रवार को ग्रामीणों के साथ सहायक पुलिस अधीक्षक से मामले की शिकायत की है। एएसपी ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मालूम हो कि सुल्तानपुर ग्राम प्रधान उमेश पुत्र रामआधार ने बताया कि गांव निवासी संजय कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप का ड्राइवर है। वह अपने साथी बाबूलाल के साथ गुरुवार देर रात जीप से घर लौट रहे थे तभी चौधरी पुरवा गांव के पास संजय अपने साथी सुनील, अजय कुमार व अनूप के साथ दो बाइकों से आया और जीप को रोकवा लिया।
इसके बाद मुझे जीप से निकालकर पीटा। उमेश का आरोप है कि संजय ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से उमेश पर फायर झोंका लेकिन वह बच निकला। गोली की आवाज सुन गांव वाले घटना स्थल की ओर दौड़े तो संजय जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला।
ग्रामीणों ने मसौली थानाध्यक्ष अवधेश यादव को सूचना दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिससे आहत पीड़ितों ने शुक्रवार को सहायक पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। पीड़ित उमेश का कहना है कि आरोपी संजय कैबिनेट मंत्री गोप का ड्राइवर है, इसलिए स्थानीय पुलिस किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं कर रही है।
दो दिन पूर्व प्रसाद वितरण के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। जिसमें दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी थी। प्रधान की ओर से तीन व दूसरे पक्ष से दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। फायरिंग करने की बात गलत है। -कुंवर ज्ञानंजय सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक