नागेश्वर नाथ तालाब में सैकड़ों मछलियां मरीं
- फोटो : अमर उजाला
शहर के ऐतिहासिक नागेश्वर नाथ तालाब के सुंदरीकरण के दौरान तालाब का पानी निकाले जाने से यहां मौजूद सैकड़ों मछलियां मर गईं। मछलियां मरने से तालाब के आस पास दुर्गंध फैलने से यहां रहने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामाना करना पड़ रहा है।
लोगों नगर पालिका प्रशासन से मछलियोें का संरक्षण कराने की मांग की है। बताते चलें कि शहर में स्थित ऐतिहासिक नागेश्वर नाथ तालाब का नगर पालिका परिषद प्रशासन की ओर से पांच करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
तालाब में सुंदरीकरण कार्य कराने के लिए यहां से पानी भी निकाला जा रहा है। तालाब में हजारों की संख्या में मछलियां मौजूद हैं लेकिन पानी कम होने से अब तक यहां सैकड़ों मछलियां मर चुकी हैं। मछलियां मरने से जहां तालाब प्रदूषित हो रहा है। वहीं इससे आस-पास के लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बृहस्पतिवार को भी तालाब से पानी निकालने के चलते सैकड़ों मछलियां मर गईं। सभासद बंकी अजीत झा, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव गुप्ता बब्बी, चरनजीत गाबा, रविनन खंजाची, सरदार चरनजीत सिंह, नवीन सिंह राठौर, रविकांत शुक्ला आदि ने नगर पालिका प्रशासन को पत्र लिखकर तालाब की मछलियों का संरक्षण कराने की मांग की है।
तालाब के सुंदरीकरण कार्य के लिए पानी निकाला गया है जिससे यहां रहने वाली मछलियां प्रभावित हुई है। मछलियों के लिए पानी का इंतजाम कराया जा रहा है। -रंजीत बहादुर श्रीवास्तव, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद