मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के खाले का पुरवा गांव जमीन पर कब्जेदारी को लेकर मंगलवार की देर रात दो पक्षों में हथगोला और गोली चलने से दो लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाद को शांत कराया और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई होगी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के खाले का पुरवा गांव में शिवकुमार और कुवांरे के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। मंगलवार की देर रात दोनों पक्षों में इसी जमीन पर कब्जेदारी को लेकर विवाद हो गया।
कहासुनी होने के बाद देखते ही देखते दोनों तरफ से अवैध असलहों से फायरिंग और हथगोला फेंके जाने लगे। गांव में गोली व हथगोला चलने से लोगाें में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
इस बीच ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दे दी। जिसके बाद पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। इस मारपीट और फायरिंग में गांव के मिल्की और प्रमोद को गोली के छर्रे लगे हैं, जिससे वह घायल हो गए हैं।
पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज भेजवाया है। एसओ रिजवान अब्बास का कहना है कि मामले की जांच कर दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई होगी। आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।