बालिका से हैवानियत करने वाले आरोपी की जानकारी देते एसपी।
- फोटो : अमर उजाला
बालिका के साथ हैवानियत करने वाले पिता पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वहीं दर्ज मुकदमे में रेप व पास्को एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है। इसका खुलासा शुक्रवार को एसपी अनिल कुमार सिंह ने अपने कार्यालय में किया।
एसपी ने बताया कि जैदपुर थाना क्षेत्र के नवाबपुर कोडरी गांव में मारपीट के दौरान बालिका के हैवानियत करने की पुष्टि चिकित्सीय परीक्षण में हुई। जिसके बाद मारपीट की गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमे में रेप व पास्को एक्ट की धारा बढ़ा दी गई। वहीं आरोपित कल्लू व उसके बेटे कुलदीप को गिरफ्तार किया गया है जिसे जेल भेजा जा रहा है।
एसपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस की घोर लापरवाही उजागर हुई, जिस पर प्रभारी निरीक्षक, एसएसआई व मुंशी को निलंबित किया गया है। हालांकि अभी किसी की तैनाती नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि छोटी-बड़ी किसी भी घटना में पुलिस की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परिवारीजनों में जगी न्याय की उम्मीद
हैवानियत की शिकार हुई बालिका का दो दिन से जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। सूचना के बाद रिश्तेदार अस्पताल पहुंचकर उसे व उसके परिवारीजनों को ढांढस बंधा रहे हैं। शुक्रवार को आरोपियों के जेल भेजे जाने के बाद बेटी का इलाज करा रहे परिवारीजनों में न्याय की उम्मीद जगी है। हालांकि चिकित्सक किशोरी की हालत खतरे से बाहर होने की बात कर रहे हैं।