साथी जवान की हत्या के मामले में आठ साल से फरार चल रहे सजायाफ्ता बीएसएफ के जवान को कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा पकड़ा गया बीएसफ का जवान पंजाब के पटियाला जेल में निरुद्ध था व वर्ष 2008 में पैरोल पर आने के बाद से ही फरार चल रहा था।
शहर कोतवाल शशीकांत मिश्रा ने बताया कि कोतवाली नगर क्षेत्र के खजूर गांव निवासी सुंदरलाल पुत्र बेसनलाल बीएसएफ जवान है। बीएसएफ जवान ने पंजाब में तैनाती के दौरान अपने एक साथी की हत्या कर दी थी जिसके बाद पंजाब के पटियाला कोर्ट से उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी और वह पटियाला जेल में ही निरुद्ध था।
13 फरवरी 2008 को बीएसएफ जवान सुंदरलाल पैरोल पर जेल से छूटकर अपने घर आया था। इसके बाद से ही बीएसएफ जवान फरार चल रहा था। बृहस्पतिवार शाम को कोतवाली पुलिस की टीम ने फरार बीएसएफ जवान सुंदरलाल को बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया है। कोतवाल ने कहा कि बीएसफ जवान की गिरफ्तारी के बारे में पंजाब की पटियाला पुलिस को सूचना दे दी गई है। अब उसे पटियाला जेल भेजा जाएगा।