राजी चौराहा (बहराइच)। दहेज हत्या के मुकदमे में नौ साल से फरार चल रहे ढाई हजार के इनामी अभियुक्त को पुलिस ने दबोच लिया है। वह हरदी थाने की पुलिस के पंजाब पहुंचने की भनक लगने पर बहराइच भाग आया था।
थाना हरदी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टेपरा रमवापुर निवासी दिलेराम उर्फ जिलेराम पुत्र चुन्नीलाल लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा थाने में दर्ज है।
लगभग नौ साल से वह पुलिस की पकड़ से बाहर था। एसओ बीके यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसे पकड़ने के लिए महसी चौकी प्रभारी एसआई ब्रह्मानंद की अगुवाई में टीम पंजाब भेजी थी।
टीम के पंजाब पहुंचने की भनक लगते वह वहां से फरार हो गया जिस पर टीम बहराइच लौट आई थी। लेकिन इस बीच आरोपी दिलेराम भी बहराइच पहुंच गया।
इसकी भनक लगने पर हरदी थाने की पुलिस टीम ने बस स्टैंड के पास से उसे दबोच लिया। एसपी ने उसके ऊपर ढाई हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।