कस्बे में शुक्रवार की रात एक तिलक समारोह में जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने इस मामले में मौके पर घायल अवस्था में मिले एक गुट के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पंद्रह दिन पहले हुई मारपीट में दोनों आरोपी हैं। कोतवाल ने बताया कि दोनों युवकाें से मिली तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
वहीं पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए गृहस्वामी ने एसपी से शिकायत करने की बात कही है। कस्बे के अहिरन टोला में रामगोपाल यादव के यहां तिलक समारोह में युवकों के दो गुटों में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गुलालपुर गांव के आशीष सिंह व कुबरी के विजय सिंह को घायल अवस्था में गिरफ्त में ले लिया।
दूसरे गुट के युवक मौके से भाग निकले। आशीष सिंह ने पुलिस को बताया कि बाबा का पुरवा के उमेश यादव, कस्बे के गुड्डू खान, निजाम व जुगनू समेत अन्य अज्ञात लोगाें ने पुरानी रंजिश के चलते उन्हें लाठी-डंडों से मारापीटा है। गिरफ्तार दोनों युवकों का चिकित्सीय परीक्षण कराकर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इस दौरान मौके पर पुलिसिया तांडव से भी लोगों में काफी नाराजगी है। गृह स्वामी रामगोपाल ने बताया पुलिस ने मौके पर घटना की जानकारी के बगैर ही लोगों को पीटना शुरू कर दिया, जिससे इनको भी चोटें आई हैं। कोतवाली के एक एसआई पर मारने पीटने का आरोप लगाते हुए कोतवाल से शिकायत की है।
सुनवाई नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे। कोतवाल चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि करीब पंद्रह दिन पहले कस्बे में शराब ठेका के समीप मारपीट में गुड्डू खान ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोनों को गिरफ्तार कर दुबारा हुई मारपीट की घटना में आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कहा मारपीट में घायल दोनों युवकों को मानवीय आधार पर जमानत लेकर कोतवाली से छोड़ने पर विचार किया जा रहा है। कहा रात मेेें दो गुटों की मारपीट को शांत करने के दौरान अंधेरे के कारण कोई निर्दोष पुलिस की कार्रवाई में आहत हो सकता है। किसी को अपमानित करने का इरादा पुलिस का नहीं है।