मुंडन की दावत के दौरान लगी आग, तीन घर जले
बाराबंकी। घुंघटेर क्षेत्र में सोमवार रात एक मुंडन संस्कार की दावत के दौरान लगी आग की चपेट में आने से तीन घरों का सामान जल गया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है।
घुंघटेर क्षेत्र के ग्राम अखाईपुर निवासी राकेश गौत्तम के पुत्र का सोमवार को मुंडन संस्कार का कार्यक्रम था। देर रात गैस सिलेंडर पर भोजन पकाने के दौरान आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते आग पास के छप्पर, टेंट और पड़ोस के लालता व प्रेमा देवी के मकान को भी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना अग्निशमन कर्मियों को दी। टीम के मौके पर पहुंचने तक तीन घरों में रखा राशन, कपड़ा व अन्य सामान जलकर राख हो गया। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंची राजस्व की टीम ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसील भेजी है।