बाराबंकी। जांच के दौरान कमियां मिलने पर तीन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पर्यवेक्षक की मौजूदगी में यह प्रक्रिया पूरी की। इस तरह अब 14 उम्मीदवार ही मैदान में बचे हैं। साथ ही यह भी साफ हो गया है कि अब दो ईवीएम नहीं लगानी पडे़ंगी।
नामांकन पत्रों की जांच शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी उदयभानु त्रिपाठी, अपर जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप कुमार गुप्ता, सहायक रिटर्निंग अधिकारी अभय कुमार पांडेय की देखरेख में शुरू हुई। जांच के दौरान पाया गया कि भारतीय दृष्टि गोचर पार्टी के मनोज कुमार, जनसंघर्ष विराट पार्टी के राजेश कुमार और निर्दलीय उम्मीदवार राम दयाल ने जो शपथ पत्र दिया है, वह अपूर्ण है।
इसके अलावा दस प्रस्तावकों का मानक भी पूरा नहीं किया गया है। इस पर तीन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए। बता दें कि नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन 17 उम्मीदवारों ने परचे भरे थे। शनिवार को तीन नामांकन निरस्त होने के बाद यह भी साफ हो गया कि प्रशासन को अब दो ईवीएम से चुनाव नहीं कराना पड़ेगा।