जैदपुर (बाराबंकी)। संदिग्ध दशा में मासूम बेटे समेत मां गंभीर रूप से घायल हो गई। इसे गंभीर दशा में एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया जहां दोनों की हालत गंभीर बनी है। महिला के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर दहेज के लिए आग लगाकर हत्या का प्रयास करने की तहरीर दी है।
मामला जैदपुर थाने की अहमदपुर चौकी क्षेत्र के देवकली गांव का है। यहां के निवासी कुलदीप की पत्नी सुशीला (27) अपने ढाई साल के मासूम बेटे के साथ सोमवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से झुलस गई। गंभीर हालत में विवाहिता को पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी हालत गंभीर बनी है। इसकी सूचना पाकर थाने पहुंचे विवाहिता के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर ससुुुरालियों पर बहन और मासूम बेटे को दहेज के लिए आग लगाकर मारने का आरोप लगाया है।
हालांकि पुलिस तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में अहमदपुर चौकी प्रभारी राजेश कुमार पांडे ने बताया कि एक विवाहिता आग से झुलस गई है जिसको एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।