पुलिस ने महिला को सीएचसी में भर्ती करा दिया। पुलिस लूट की घटना को गलत बता रही है। यह घटना धौरहरा गांव में शुक्रवार रात हुई। गांव के राजाराम की पत्नी सुघना अपने मकान में ताला बंद कर बरामदे में सो रही थी।
बेटा राजेंद्र व बहू घर में नहीं थे। रात में मकान के पास कुछ लोगों के मौजूद होने की आहट पर सुघना जाग गई। उसी बीच सुघना की आंख में ज्वलनशील पाउडर डालकर बदमाशों ने घर की चाभी छीन ली और बक्से में रखे करीब 50 हजार रुपये कीमत के जेवरात और आठ हजार नकद लूट लिए।
बाहर निकलते समय सुघना ने बदमाश का पैर पकड़ लिया और शोर मचाने की कोशिश की। इस पर महिला को मारपीट कर बदमाश फरार हो गए। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने रात में ही पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने महिला को सीएसी त्रिवेदीगंज में भर्ती कराया। उसके पुत्र राजेंद्र के मुताबिक मां के अस्पताल से आने पर जेवर व नकदी लूट की पुष्टि हुई तो पुलिस से लिखित शिकायत की। दूसरी तरफ थानाध्यक्ष ने इस घटना को सामान्य मारपीट का मामला करार दिया है।