लापता युवक का पेड़ से लटकता मिला शव
कुर्सी(बाराबंकी)। संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव पीपल के पेड में फांसी के फंदे से लटकता मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक घर में कहासुनी के बाद शुक्रवार को घर से निकला था। युवक की हत्या करने की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घुंघटेर थाना क्षेत्र के ग्राम सरायशहबाज निवासी अमर सिंह (23) पुत्र शंकर सिंह शुक्रवार शम परिवार में हुई कहासुनी के बाद घर से निकल गया था। परिवारीजन ने युवक की काफी तलाश के बाद कहीं पता न चलने पर शनिवार दोपहर में थाने में गुमशुदगी दर्ज कराकर घर वापस आए ही थे कि खेत में काम कर रहे ग्रामीणों द्वारा गांव के बाहर खेत में लगे पीपल के पेड़ पर शव लटकने की सूचना मिली।
इस पर पहुंचे परिवारीजनों ने युवक की शिनाख्त अमर सिंह के रूप में की । परिवारीजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की है। ग्रामीणों द्वारा युवक की हत्या करने की भी आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष आरपी रावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है अगर तहरीर कोई मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी