नहर किनारे मिले कपड़ा व मोबाइल, मायके में मिली महिला
हैदरगढ़(बाराबंकी)। संदिग्ध हालात में शुक्रवार की शाम को लापता हुई महिला के कपड़े और मोबाइल फ़ोन नहर के किनारे शनिवार की सुबह मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो महिला अपने मायके में प्रेमी के साथ मिली। इसके बाद महिला ने बताया कि वह अपने मन से प्रेेमी के साथ गई है। इस पर पुलिस ने किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।
कोतवाली के हैदरगढ़ क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक विवाहिता के शुक्रवार की रात को गायब होने की सूचना सास ने पुलिस को दी थी। शनिवार की सुबह गांव से दूर लोनीकटरा थाना क्षेत्र स्थित ब्रांच नहर के निकट महिला की साड़ी कपड़े, तीन मोबाइल फोन, देशी शराब की खाली सीसी व टूटी चूडिय़ां मिलने पर ग्रामीणों ने दुराचार व हत्या के बाद शव को नहर में फेंकने की आशंका जताई थी।
इसके बाद पुलिस ने जब जांच शुरू की तो इसी बीच महिला के सुबेहा थाना के एक गांव स्थित मायके में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस द्वारा महिला को कोतवाली लाए जाने पर प्रेम कहानी उजागर हुई। कोतवाल पीके तिवारी ने बताया कि महिला ने फोन करके गांव के ही अपने प्रेमी दिनेश को गांव के बाहर बुलाया और बाइक से उसके साथ रहने के लिए चली गई।
इस दौरान अपने को छिपाने के लिए महिला ने साड़ी व अन्य कपड़े उतार कर प्रेमी की पैंट शर्ट पहन ली थी। मालूम हो महिला ने तीन साल की मासूम बेटी को ससुराल में ही सास के पास छोड़ दिया है। पुलिस ससुराल पक्ष से बात कर मामले की जांच कर रही है।