घर में रखे देसी बम से हुआ
विस्फोट, ढह गई छत-दीवार
क्रसार
- हादसे के बाद किन्हौली गांव में मचा हड़कंप
फोटो-12
अमर उजाला ब्यूरो
सआदतगंज(बाराबंकी)। एक घर में शनिवार की देर रात अचानक हुए विस्फोट से छत व दीवार ढह गई। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आस पास इलाके में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि इस घटना में किसी को चोट नहीं पहुंची है। मामले की जानकारी के बाद सीओ व एसओ मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। बताया जा रहा है कि देसी बम रखे होने से घर में विस्फोट हुआ है अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है कि यह बम किसी ने लाकर रखा या यहां पहले से ही रखे थे।
मामला मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम लोहारनपुरवा मजरे पूरे किन्हौली गांव का है। शनिवार की देर रात यहां के रहने वाले सन्तोष वर्मा के घर तेज आवाज के साथ कई एकाएक कई विस्फोट हुए जिससे घर की पक्की छत व दीवारें पूरी तरह से ढह गयी। रात के समय नींद में सोये ग्रामीणों में विस्फोट की आवाज से गांव में अफरातफरी मच गयी। थानाध्यक्ष मसौली विवेक कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे व जांच शुरू की। एसओ ने बताया कि घर में देशी बम रखे होने की जानकारी मिली है जिससे यह विस्फोट हुआ है। वहीं सीओ रामनगर उमाशंकर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली व आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। रविवार की सुबह जब एसओ विवेक सिंह मामले की जांच कर रहे थे तभी सन्तोष के घर से लगभग सौ मीटर की दूरी पर स्थित चन्द्रशेखर उर्फ संजू वर्मा के मकान में भी विस्फोट हो गया। संजू की पत्नी कान्ति देवी ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के ही सुरेन्द्र कुमार पर आरोप लगाया है कि सुरेन्द्र ने ही हम लोगों के यहां हथगोले रखे थे और वो आपराधिक किस्म का व्यक्ति है।