बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक गंभीर
बाराबंकी। रोडवेज की अनुबंधित बस की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर भाग निकला। नाराज लोगों ने बस में तोड़फोड़ की। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों युवकों की शाम तक पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में सूरतगंज मार्ग पर गुरुवार को बाइक सवार दो युवकों को सामने से आ रही रोडवेज की एक अनुबंधित बस ने टक्कर मार दी। टक्कर में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद चालक व परिचालक बस छोड़कर भाग निकले। इससे नाराज लोगों ने बस में तोड़फोड़ की। इस दौरान पहुंचे एसओ मनोज शर्मा ने सभी को समझा बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों युवकों को सीएचसी सूरतगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसओ बताया कि दोनों युवकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
ट्रक पलटा, टूटे बिजली के तार
बाराबंकी। देवा कस्बे के पास गुरुवार सुबह एक ट्रक सीएचसी के पास दुकान से भिड़ने के बाद पलट गया। ट्रक पर लदे पत्थर सड़क पर फैल गये। ट्रक की टक्कर से एचटी लाइन टूट कर गिरने से शॉर्ट सर्किट होने लगा। इस बीच ड्राइवर व मजदूर ट्रक से निकल भागे। सूचना पर उपकेंद्र अधिकारियों ने विद्युत आपूर्ति बंद कराई। पुलिस ने सड़क से बोल्डर हटवाकर रास्ता साफ कराया। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि ड्राइवर व क्लीनर को मामूली चोट आई थी उनका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया है।