एक कमरा बाहर से बंद कर दूसरे से चोर समेट ले गए कीमती सामान
बाराबंकी। शहर के दुर्गापुरी मोहल्ले के एक मकान का ताला तोड़कर चोर कीमती सामान समेट ले गए। पड़ोसी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
यह घटना दुर्गापुरी में किराए पर रहने वाले राजू सिंह के मकान में हुई। राजू एक सप्ताह से बाहर है। शुक्रवार की रात उसके कमरे का ताला तोड़कर चोर कीमती सामान समेट ले गए। उसी मकान के दूसरे हिस्से में रहने वाले मनीष के कमरे में बाहर से कुंडी लगी मिली। रात में खटपट की आवाज सुनकर मनीष ने बाहर निकलने लगे तो दरबाजा बंद था। उसने फोन से पड़ोसी को बताया तो पुलिस को बुलाया गया। कमरे के ताले टूटे मिले। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। राजू के बाहर होने के चलते चोरी हुए सामान व रुपयों के बारे में जानकारी नहीं हो सकी।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि छानबीन की जा रही है। उधर घुंघटेर थाना क्षेत्र के हाजीपुर निवासी राकेश यादव के मकान में शुक्रवार रात नकब लगाकर दाखिल हुए चोर अलमारी व बक्सों के ताला तोड़कर पांच हजार रुपये व सोने-चांदी के आभूषण समेट ले गए। परिवारीजन रात में छत पर सोए थे लेकिन उन्हें भनक नहीं लगी। थानाध्यक्ष मदनपाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।