रोडवेज के संविदाकर्मी समेत दो ने की खुदकुशी
बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर रोडवेज के संविदा कर्मी सहित दो ने शुक्रवार सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। संविदा कर्मी की मौत के मामले में पड़ोस की सास-बहू पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
शहर के श्रावस्तीनगर लखपेड़ाबाग में निवासी अमर सिंह (32) संविदा पर रोडवेज में परिचालक था। शुक्रवार सुबह उसका शव घर में ही फांसी पर लटकता मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस को मृतक के पिता रामदुलारे ने बताया कि पड़ोस के गंगाराम की पत्नी व बहू उसकी बहू सीमा पर गलत आरोप लगाकर अक्सर उसके घर आकर लड़ती-झगड़ती थी। इसी से तंग आकर उसके बेटे ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर पड़ोसी गंगाराम की पत्नी व बहू पर आत्म हत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत के बाद उसकी पत्नी सीमा व बेटा वीरेंद्र व अभिजीत का रो-रोकर बेहाल थे। प्रभारी निरीक्षक उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि अमर सिंह की मौत के मामले में पिता की तहरीर पर रहने वाले गंगाराम की पत्नी व बहू पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज किया है।
उधर, लखपेड़ाबाग मोहल्ले निवासी व सिविल कोर्ट में पेशकार गिरधारी लाल ने बताया कि उसका बेटा सोमू उर्फ हेमराज गौतम शराब के नशे का आदी था। दो साल पूर्व उसका विवाह हुआ था। पेंटिंग का काम करने के बाद जो कमाई होती उससे शराब पी लेता था। बुधवार को भी वह शराब पीकर आया था। रात में उसने फांसी लगा ली। युवक की मौत के बाद पत्नी सुमन कई बार बेहोश हुई। उसके एक बेटी भी है।