बाराबंकी। लगातार चोरी, लूट, डकैती व हत्या की वारदातों के बढ़ते अपराध व लचर पुलिसिंग के चलते जिले की कानून व्यवस्था बदहाल हो रही है। इसको लेकर मंगलवार को हुई क्राइम मीटिंग में डीएम व एसपी की नाराजगी सामने आई। कप्तान ने थाना प्रभारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि थानों पर होने वाली अवैध वसूली रोकने के साथ ही अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाया जाए, नहीं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सीएम के कार्यक्रम को लेकर बेहतर सुरक्षा व्यवस्था बनाने पर भी चर्चा की गई।
एसपी यमुना प्रसाद ने कहा कि सुनने में आता है कि थानों पर ग्राम प्रधानों के माध्यम से जमकर वसूली की जा रही है। ऐसा यदि हो रहा है तो बंद किया जाए नहीं तो जो पकड़ में मामला आया तो सख्त कार्रवाई होगी। एसपी ने लंबित आपराधिक वारदातों का खुलासा, थानों पर आने वाले फरियादियों से बेहतर व्यवहार व क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने पर जोर दिया।
आगामी त्यौहारों के मद्देनजर संवेदनशील गांवों एवं स्थानों को चिन्हित कर आपराधिक तत्वों के विरूद्ध कार्यवाही करने तथा अवैध शराब का काम करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिया। कप्तान ने कहा कि गंभीर अपराधों के घटित होने पर एसओ व सीओ तत्काल मौके पर जाए।
पुलिस लाइन सभागार में हुई बैठक में डीएम डॉ. आदर्श सिंह भी पहुंचे। डीएम ने थाना प्रभारियों को बेहतर कार्य करने की नसीहत दी। मौके पर दोनों एएसपी, सभी सीओ व एसओ मौजूद रहे। साथ ही विभिन्न थानों से आए सिपाही व दरोगाओं की समस्या सुनकर कप्तान ने उसके निराकरण का आश्वासन दिया है।