बाराबंकी। तस्करों, बदमाशों व चोरों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को जैदपुर के टिकरा उस्मा गांव में एक तस्कर की अपराध से अर्जित 67 लाख 38 हजार रुपये की संपत्ति कुर्क कर दी गई। पुलिस ने मुनादी करवाने के बाद यह कार्रवाई की। इससे जैदपुर के तस्करों में हड़कंप मचा है।
पुलिस के अनुसार, जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टिकरा उस्मा निवासी मेराज मादक पदार्थों की तस्करी करता है। वह थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। जैदपुर थाने में दर्ज मुकदमों के आधार पर मेराज पर गैंगस्टर की कार्रवाई हुई थी। बुधवार को तहसीलदार चंद्रकांत त्रिपाठी, सीओ नवीन कुमार सिंह व प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह पुलिस बल के साथ टिकरा उस्मा गांव पहुंचे।
पुलिस टीम ने लाउडस्पीकर से मुकदमों की संख्या की घोषणा करने के बाद सभी को घर से बाहर जाने को कहा। इस दौरान पुलिस ने 10 लाख 56 हजार रुपये की जमीन, 21 लाख 86 हजार की एक मंजिला मकान तथा 34 लाख 96 हजार के दो मंजिला मकान समेत सात लाख 38 हजार रुपये की संपत्ति कुर्क कर दी गई है। पुलिस ने मकान व अन्य संपत्ति सीज कर कार्रवाई का बोर्ड लगा दिया है। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि यह कार्रवाई गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत की गई है।
कुर्क होंगे सहीम व फिरोज के मकान
टिकरा उस्मा के तस्करों पर पुलिस प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। थाना प्रभारी डीके सिंह ने बताया कि सहीम के लखनऊ स्थित करीब 43 लाख के मकान व फिरोज आलम उर्फ गुड्डू के करीब 70 लाख के मकान पर कुर्की की कार्रवाई का आदेश जारी कर दिया गया। है।