कोठी (बाराबंकी)। घर से बाइक लेकर निकले युवक का शव गांव के बाहर स्थित बाग में उसकी ही टी-शर्ट व बनियान के फंदे से लटका मिला। परिवारीजनों ने प्रेम-प्रसंग में युवक की हत्या का आरोप लगाया। सीओ हैदरगढ़ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने के साथ ही घटना के खुलासे के निर्देश पुलिस को दिए। मामला कोठी थाना क्षेत्र के उचिटा गांव का है।
यहां के निवासी सोनू चौहान ने बताया कि उसका भाई वीरभद्र (21) डीजे बजाने का काम करता था। शुक्रवार केे वीरभद्र घर से बाइक लेकर निकला था। दोपहर तक नहीं लौटा। गांव में ही शीतलाष्टमी पर आयोजित कार्यक्रम में डीजे बजाना था। इसके लिए भाई के मोबाइल पर कई बार फोन किया। कॉल रिसीव न होने पर अनहोनी की आशंका हुई।
इस पर रात एक बजे तक गांव के आसपास खेत-खलिहान व बाग से लेकर चौराहों तक तलाश की गई। मगर, वीरभद्र का कहीं पता नहीं चला। शनिवार सुबह बाग में उसके भाई का शव उसकी ही टी-शर्ट व बनियान के सहारे लटका मिला। जबकि बाइक गांव के दूसरी ओर एक स्कूल के पास खड़ी मिली।
उसने बताया कि उसके भाई का गांव के ही एक वर्ग विशेष की लड़की से प्रेम-प्रसंग था। इसको लेकर शुक्रवार को दिन में ही भाई की हत्या कर रात के अंधेरे में शव को फंदे से लटका दिया गया। जबकि जहां पर शव व बाइक मिली, वहां देर रात तक तलाश के दौरान कुछ नहीं मिला था।
युवक के गले पर पीछे घसीटने से आई खरोच के निशान भी मिले हैं। शनिवार को युवक का शव मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया। सूचना पर सीओ हैदरगढ़ व प्रभारी निरीक्षक कोठी मौके पर पहुंचे। सीओ डॉ. बीनू सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है।
प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई है। युवक के शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराने के साथ वीडियोग्राफी कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार कर कार्रवाई कर घटना के खुलासे के निर्देश प्रभारी निरीक्षक संजीत सोनकर को दिए गए हैं।