सफेदाबाद (बाराबंकी)। वन माफिया विभागीय मिलीभगत कर हरियाली पर आरा चला रहे हैं। आम के पेड़ों को रोगग्रस्त दिखाकर वन विभाग ने भी परमिट बना दिया। जिसकी आड़ में आधा दर्जन से अधिक फलदार और हरे पेड़ काट डाले।
मामला वन रेंज हरख क्षेत्र का है। सतरिख थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले गांव जाटा में पांच रोगग्रस्त आम के पेड़ों को काटने का परमिट वन विभाग से जारी किया गया। इस परमिट की आंड़ में वन माफिया को पेड़ काटने का ठेका देकर हरे भरे पांच आम के पेड़ों सहित बड़हल, गूलर और अन्य कई पेड़ों को अवैध रूप से कटवा डाला गया।
विभाग भी वन माफिया का साथ देते हुए इस अवैध कटान की अनदेखी करता रहा। ग्रामीणों ने बताया कि जिन पेड़ों को काटा गया वह रोग ग्रस्त नहीं थे। सभी आम के पेड़ हरे भरे थे और समय आने पर फल से लकदक होते थे। इस बाबत रेंजर हरिराम ने बताया कि पांच पेड़ों की अनुमति थी। यदि गूलर का भी पेड़ काटा गया है तो इस पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)