टिकैतनगर (बाराबंकी)। भूमि विवाद में हुई मारपीट में एक महिला सहित तीन लोग जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां पर गंभीर रूप से घायल एक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मामला थाना टिकैतनगर क्षेत्र के ग्राम पड़रावा का है। यहां के निवासी इंद्रजीत का आरोप है कि गांव के ही रहने वाले रामनेवाज से उसका वर्षों से भूमि विवाद चला आ रहा है। जिसका वाद न्यायालय में विचाराधीन है। सोमवार की दोपहर रामनेवाज इसी विवादित भूमि पर जबरन कब्जा करने अपने साथियों के साथ पहुंच गए। पीड़ित द्वारा मना करने पर उसकी पिटाई शुरू कर दी।
बचाव में पहुंची मां रामावती व भाई उमेश को भी जमकर पीटा। इसमें तीन लोग घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां पर भाई उमेश की हालत गंभीर होता देख चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित ने मामले में रामनेवाज समेत पांच के विरुद्ध तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)