फतेहपुर (बाराबंकी)। कस्बे में मेन रोड पर स्थित एक सर्राफ की दुकान से टप्पेबाज दो युवकों ने पलक झपकते करीब तीन लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पता चलते ही दुकानदार ने काफी भाग दौड़ की, लेकिन बदमाशों का कोई पता नही चल सका। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
कस्बा फतेहपुर के मोहल्ला पचघरा निवासी मुन्ना सोनी की मुंशीगंज मेन रोड पर शिवानी ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। शनिवार की दोपहर करीब 1:30 बजे मास्क लगाकर दो युवक दुकान पर पहुंचे। इन युवकों ने दुकानदार से सोने के लॉकेट दिखाने को कहा। एक मामूली लॉकेट पसंद कर एक युवक ने उसका भुगतान कर दिया। विश्वास जमाने के बाद युवकों ने उनसे कुछ महंगे लाकेट दिखाने को कहा।
मुन्ना सोनी ने उनके सामने कई लाकेट का बॉक्स रख दिया। युवक लाकेट पसंद करने लगे। लेकिन इस बीच किसी काम से कुछ सेकंड के लिए मुन्ना की नजर काउंटर से हट गई। इसी दौरान युवकों ने इनमें कुछ लाकेट उड़ा दिए और जेवर पसंद न आने की बात कहकर देखते ही देखते दुकान से निकल गए। मुन्ना सोनी ने दिखाए गए जेवरों की तत्काल दोबारा तौल की तो उसमें करीब 65 ग्राम सोने के जेवर कम निकले।
पता चलते ही बदहवास मुन्ना सोनी दुकान के बाहर भागे। लेकिन दुकान से कुछ दूर खड़ी पल्सर बाइक पर बैठकर बदमाश बस स्टेशन की ओर भाग निकले। बाइक पर नंबर नहीं पड़े थे। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से बस स्टाप, रेलवे स्टेशन व अन्य स्थानों पर खोजबीन की लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चल सका। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई तो उसमें दोनों युवक जेवर निकालते हुए नजर आए। शाम को मुन्ना सोनी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कोतवाल संजय मौर्य ने बताया कि दुकान व अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यमों से पुलिस टप्पेबाजों की तलाश में जुटी है।