बाराबंकी। शहर में सक्रिय बदमाशों ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। बृहस्पतिवार की शाम करीब साढ़े सात बजे कोतवाली के सामने स्कूटी से जा रहे एक युवक व युवती से बाइक सवार बदमाशों ने चेन लूट ली। वारदात के बाद बेखौफ बदमाश मौके से भाग निकले। घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर बदमाशों का पता लगाने में जुट गई है। इस घटना को लेकर लोगों में भय व आक्रोश व्याप्त है।
शहर के विकास भवन रोड निवासी उमंग वर्मा व प्रियंका सिंह बृहस्पतिवार की शाम स्कूटी से धनोखर चौराहे से घर जा रहे थे। जैसे ही वह शहर कोतवाली के सामने से निकले वैसे ही बाइक सवार दो बदमाश प्रियंका के गले में पड़ी सोने की चेन लूटकर भाग निकले। वारदात के बाद दोनों ने शोर मचाया लेकिन कोई नहीं पहुंचा और बदमाश आराम से निकल गए।
बाइक की नंबर प्लेट सफेद थी जिससे बाइक पर लिखी नंबरों की पहचान नहीं हो सकी। कोतवाली के सामने हुई इस घटना से शहर में लचर पुलिसिंग की पोल खुल गई है। वारदात के बाद कोतवाल अमर सिंह पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश में लग गए हैं। उनका कहना है कि जल्द ही लुटेरों को पकड़ लिया जाएगा। (संवाद)