जैदपुर (बाराबंकी)। ब्लॉक क्षेत्र हरख के मानपुर गांव में रात के अंधेरे में लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा था। मीडिया कर्मियों के पहुंचने पर टीका लगा रहे लोगों ने उनके कैमरे तोड़ दिए और एक कमरे में बंद कर दिया।
इस पर मीडिया कर्मियों ने मामले की सूचना डीएम और एसपी को दी गई। उच्चाधिकारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में 18 लोगों को नामजद तथा 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम पंचायत मानपुर में शनिवार रात करीब 11 बजे एक मकान में कुछ लोगों द्वारा कोरोना का टीका लगाए जाने की सूचना ग्रामीणों ने मीडिया कर्मियों को दी। यह सूचना मिलते ही कुछ चैनल के लोग मौके पर पहुंच गए और वीडियो बनाने लगे। यह देख टीका लगा रहे लोग भड़क गए और मीडिया कर्मियों के कैमरे ही नहीं तोड़े बल्कि इन लोगों को एक कमरे में बंद भी कर दिया।
मीडिया कर्मियों ने पूरे मामले की जानकारी डीएम और एसपी को दी। अधिकारियों की सूचना पर जैदपुर, सतरिख, सफदरगंज और शहर कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंच गई। भारी संख्या में पुलिस देख टीकाकरण कर रहे लोग पूरा सामान समेट कर भाग खड़े हुए। इस दौरान पुलिस ने चार लोगों को मौके से धर दबोचा और मीडिया कर्मियों को मुक्त कराया।
पुलिस ने लखपेड़ाबाग निवासी नितिन श्रीवास्तव की तहरीर पर 18 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों ने बताया कि वे श्रावस्ती से वैक्सीन लाए थे जिसे यहां लोगों को लगाया जा रहा था क्योंकि यहां के लोग पहले श्रावस्ती जाकर टीका लगवा चुके हैं।
क्षेत्र में ऐसे गलत ढंग से वैक्सीन लगाने का यह पहला मामला नहीं है। 19 अगस्त को इससे पहले भी ग्राम पंचायत पनिहल के गोछौरा में भी गलत तरह से वैक्सीन लगाने को लेकर एक झोलाछाप सहित दो लोगों को जेल भेजा गया है।
वैक्सीन लगाने के लिए सभी केंद्रों पर सुबह से लंबी-लंबी लाइन लग जाती है। ऐसे में मानपुर गांव में रात में एक विशेष व्यक्ति के घर पर किस वजह से वैक्सीन लगाई जा रही थी और इतनी भारी मात्रा में यह वैक्सीन कहां से मिली, इसका जवाब देने को कोई तैयार नहीं है।
सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा ने बताया कि हरख के मानपुर गांव में रात के अंधेरे में लोगों को कोरोना का टीका लगाए जाने का मामला संज्ञान में आया है। पूरे मामले की जांच के लिए टीम गठित कर मौके पर भेज दी गई है। पूरी जांच रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। शासन से जो निर्देश मिलेगा, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि पुलिस को मीडिया द्वारा जानकारी दी गई की मानपुर गांव में अनाधिकृत तरीके से रात में टीकाकरण हो रहा है। इस पर पुलिस को मौके पर भेजा गया था जिसमें चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 18 लोगों को नामजद करते हुए 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।