बाराबंकी। सड़क हादसों से लोगों की जान बचाने के साथ यातायात नियमों का पालन करने को लेकर इन दिनों चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत प्रतिदिन लोगों को इसके प्रति जागरूक किया जा रहा है। वहीं लापरवाही पर कार्रवाई भी की जा रही है। रविवार को अवकाश के बावजूद शहर समेत कई स्थानों हुई कार्रवाई में 70 वाहनों का चालान किया गया जबकि पांच वाहन सीज किए गए।
सड़क सुरक्षा सप्ताह के चौथे दिन रविवार को हेलमेट व सीट-बेल्ट आदि का प्रयोग करने को लेकर रविवार को शहर के देवा तिराहा, असेनी मोड़, मोहम्मदपुर चौकी, रामनगर तिराहा और मसौली में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान एआरटीओ के अधिकारी व कोतवाली पुलिस द्वारा यातायात नियमों का पालन करने वालों को फूल देकर और जागरूकता संबंधी पर्चे बांटकर उन्हें जागरूक किया गया।
पूरे दिन चले इस अभियान में एआरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव ने संबंधित थाने की पुलिस के सहयोग से 70 वाहनों का चालान किया। वहीं, वाहन संबंधी कागजात न दिखा पाने पर पांच वाहनों को सीज किया।
इसके अलावा बिना हेलमेट बाइक चलाने पर 40, सीट-बेल्ट न लगाने पर 15 और वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने को लेकर पांच वाहनों का चालान काटा। इस अभियान में चौकी इंचार्ज पंकज त्रिपाठी, परिवहन विभाग के टीआई अवनीश सिंह समेत कई अन्य अधिकारी शामिल रहे।