बाराबंकी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की 18 सितंबर से होने वाली अंक सुधार परीक्षा मजिस्ट्रेट की निगरानी में पांच परीक्षा केंद्रों पर होगी। इसको लेकर सभी परीक्षा केंद्र पर एक-एक सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। वहीं शहर के जीआईसी को संकलन केंद्र बनाया गया है। जिस पर दो पालियों में आवेदन करने वाले हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 620 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इस पर शुक्रवार को डीएम ने अपनी मुहर लगा दी है।
कोरोना काल में संक्रमण से बचाव को लेकर स्कूल-कॉलेज बंद थे। ऐसे में परीक्षा करना आसान नहीं था। सरकार ने बिना परीक्षा के पूर्व के अंकों के औसत मूल्यांकन के आधार पर परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। इसमें हाईस्कूल व इंटरमीडिएट का बेहतर परिणाम रहा। मगर, कुछ मेधावियों में परीक्षा न होने की टीस रही।
इसको लेकर सरकार ने स्थितियां सामान्य हुईं तो यूपी बोर्ड के परीक्षार्थियों को अंक सुधार का मौका दिया। इसको लेकर 18 सितम्बर से परीक्षा कराने का कार्यक्रम जारी कर आवेदन मांगे। जिसके सापेक्ष जिले में 620 विद्यार्थियों ने आवेदन किया। इसमें हाईस्कूल के 280 परीक्षार्थियों में 144 बालक व 136 बालिका हैं। वहीं इंटरमीडिएट के 340 परीक्षार्थियों में 185 बालक व 155 बालिकाएं हैं।
परीक्षा केंद्र की दूरी अधिक न हो इसको लेकर शहर के राजकीय बालिका इंटर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहपुर, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हैदरगढ़, पटेल पंचायती इंटर कॉलेज रामसनेहीघाट व यूनियन इंटर कॉलोेज रामनगर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सभी परीक्षा केंद्र पर एक-एक सेक्टर व एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
वहीं डीआईओएस कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम से निगरानी की जाएगी। शहर के राजकीय इंटर कॉलेज को संकलन केंद्र बनाया गया है। जहां प्रतिदिन परीक्षा की समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाएं जमा की जाएंगी। यह परीक्षा 18 सितम्बर से कोविड-19 के प्रोटोकाल के तहत दो पालियों में होगी। डीआईओएस के प्रस्ताव पर शुक्रवार को जिलाधिकारी ने अपनी मुहर लगा दी है।
इस परीक्षा को लेकर बोर्ड से पेपर आ चुके है। जिन्हें जल्द ही परीक्षा केंद्रों पर भेजा जाएगा। इस बाबत डीआईओएस राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि अंक सुधार को लेकर होने वाली यूपी बोर्ड की परीक्षा की पारदर्शिता को लेकर प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक के अलावा सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। वहीं कार्यालय में कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।