बाराबंकी। खाद्य पदार्थों में हो रही मिलावट पर रोक लगाने और लोगों को जागरुक करने के उद्देश्य से सोमवार को लोगों को खाद्य सुरक्षा वैन के माध्यम से जागरुक किया गया। इस दौरान दूध, खोवा, पनीर समेत करीब 83 नमूने भरे गए। इनमें से 26 नमूने जांच में फेल हो गए। इस पर इनके विक्रेताओं को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
एफएसडीए की अभिहीत अधिकारी प्रियंका सिंह ने बताया कि शासन के आदेश पर सोमवार को खाद्य सुरक्षा वैन के जरिए शहर के अलावा सिद्धौर, जैदपुर और सफदरगंज में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को खाद्य पदार्थों के प्रयोग की जानकारी दी गई। इस दौरान दुकानों से दूूध, खोवा और पनीर के नमूने भरकर वैन में लगी मशीनों से इसकी जांच की गई।
अभिहीत अधिकारी ने बताया कि इस दौरान अलग-अलग दुकानों से करीब 83 नमूने भरे गए। इनमें से 26 की जांच रिपोर्ट फेल होने पर सभी विक्रेताओं को नोटिस जारी करते हुए जवाब तलब किया गया है। बताया कि वैन मंगलवार को भी जिले में रहकर लोगों को जागरुक करेगी। इस मौके पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार सिंह, शंकर दयाल तिवारी, अरविंद कुमार, अनिल पाल आदि मौजूद रहे। संवाद