हरख ब्लॉक की 16 ग्राम पंचायतों के खाता संचालन पर रोक
बाराबंकी। पिछले वित्तीय वर्ष में कराए गए विकास कार्यों का लेखाजोखा नहीं देने वाली 16 ग्राम पंचायतों के खातों पर रोक लगा दी गई है। इसके बाद सुधार नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। कर्मचारियों की इस लापरवाही से ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों पर भी असर पड़ रहा है।
हरख ब्लॉक की 16 ग्राम पंचायतों में पिछले वित्तीय वर्ष में करोड़ों रुपये की लागत से विकास कार्य कराए गए थे। मगर इनका लेखाजोखा संबंधित पंचायतों के सचिवों द्वारा प्रिया साफ्ट पर फीड नहीं कराया गया। इसको लेकर कई बार डीपीआरओ कार्यालय से सचिवों को निर्देशित भी किया गया मगर लेखाजोखा फीड नहीं कराया गया। इस पर सख्त रवैया अपनाते हुए प्रभारी जिला पंचायतराज अधिकारी आशुतोष कुशवाहा के निर्देश पर आदमपुर भटपुरा, अब्दुलापुर, अजपुरा, बरेहटा बहलोलपुर, बोजा, दौलतपुर, मोहब्बतपुर, जैनाबाद, नानमऊ, पंडरा, पंडरी, सरायं परसंडा, तीरगांव, सेठमऊ व टिकरा घाट ग्राम पंचायत के खाता संचालन पर रोक लगा दी गई है। इसके बाद भी पुराने कार्यों का डाटा फीड नहीं कराने पर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
प्रभारी डीपीआरओ आशुतोष कुशवाहा ने बताया कि, पिछले वर्ष कराए गए विकास कार्यों का लेखाजोखा प्रिया साफ्ट पर फीड नहीं कराया गया है। जिसको लेकर कई बार दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके चलते 16 ग्राम पंचायतों के खातों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। अब भी अगर फीडिंग नहीं हुई तो विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा जाएगा।