रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। अयोध्या-लखनऊ राजमार्ग पर सोमवार की सुबह दरियाबाद ओवरब्रिज के निकट चारबाग डिपो की रोडवेज बस पुल की रेलिंग से टकराकर पलट गई। इस हादसे में 25 यात्री घायल हो गए। इसमें गंभीर रूप से घायल सात लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
चारबाग डिपो की रोडवेज बस रविवार की देर रात गोरखपुर से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। सोमवार सुबह करीब 5 बजे बस चालक को झपकी आने से बस रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में दरियाबाद ओवरब्रिज की रेलिंग से टकराकर पलट गई। जिससे उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
यात्रियों की चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा बस के अंदर से घायल यात्रियों को बाहर निकाला। इस हादसे में कई यात्री हल्के फुल्के तो कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल बांसगांव गोरखपुर निवासी प्रदीप सिंह (50), संगीता (40), पीपीगंज गोरखपुर निवासी आशा (20), अभय (12) निवासी दरियागंज, कल्लू (20) निवासी बादलगंज, शरीफ अहमद (25) व विकास शुक्ला (40) निवासी गोसाईगंज लखनऊ को पुलिस द्वारा सीएचसी बनीकोडर ले जाया गया जहां उनका प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मामूली रूप से घायल करीब 18 यात्रियों का स्थानीय सीएचसी में उपचार कराने के बाद इनके साथ रहे अन्य यात्रियों को पुलिस द्वारा दूसरी रोडवेज बस से लखनऊ रवाना करवा दिया गया।
ट्रक से टकराई कार, एक की मौत, तीन जख्मी
उधौली। सफदरगंज के पास रविवार रात एक कार ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हुए है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना सफदरगंज क्षेत्र के अंतर्गत सिरौलीगौसपुर रोड किनारे स्थित चोरही गांव के पास रविवार देर रात उधौली की ओर जा रही एक कार में पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। इसके चलते कार नहर की पुलिया के मोड़ पर अनियंत्रित होकर नीचे गड्ढे में गिर गयी। इस हादसे में कार सवार डॉ. शैलेंद्र वर्मा (35), डॉ. प्रवेश (38) निवासी जरमापुर, व सूर्यनारायण (40) निवासी ग्राम सांभलपुर थाना दोस्तपुर जिला सुल्तानपुर व विमल गंभीर रूप से जख्मी हो गये।
हादसे के बाद इन सबकी चीख-पुकार सुनकर पास ही बाबा सीताराम की कुटी के महंत ने आसपास के लोगों को बुलाकर सभी को गाड़ी से बाहर निकलवाया। इसके बाद मौके पर पहुंची सफदरगंज पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर सूर्यनारायण की मौत हो गई है। एसओ श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि रात में हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने पीड़ितों की हरसंभव मदद की।
सड़क हादसे में तीन छात्राएं घायल
सफेदाबाद (बाराबंकी)। शहर कोतवाली क्षेत्र में सफेदाबाद चौराहे पर सोमवार शाम को तीन छात्राएं सड़क पार कर रही थीं। जिन्हें सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल छात्रा सुचिता चौधरी (16) , कुसुम (15) निवासी परेठिया गांव को पैर में गंभीर चोटें आई। वहीं मोहम्मदपुर गांव निवासिनी छात्रा उर्मिला को मामूली चोट आई।
बताया जाता है कि ये तीन छात्राएं एक स्थानीय कोचिंग सेंटर से पढ़ाई कर अपने-अपने घर जा रही थीं। पुलिस ने सभी घायलों को निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं देवा के पास मोहम्मदपुर खाला के तुलसीपुर निवासी जसविंदर सिंह की बाइक में ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया है।