बाराबंकी। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन को देखते हुए मतदेय स्थलों के निर्धारण को लेकर बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के साथ एक बैठक हुई। इसमें जिले के समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, मंत्री व पदाधिकारी, सभी उप जिला मजिस्ट्रेट और तहसीलदार उपस्थित रहे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, मतदेय स्थल के निर्धारण का प्रस्ताव संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा तैयार किया गया है। प्रस्ताव के अनुसार विधानसभा क्षेत्र 266 कुर्सी में 22 मतदेय स्थल चार मतदान केंद्र, 267 रामनगर में 16 मतदेय स्थल और दो मतदान केंद्र, 268 बाराबंकी में 43 मतदेय और 11 मतदान केंद्र, 269 जैदपुर में 37 मतदेय स्थल और दो मतदान केंद्र तथा 272 हैदरगढ़ में 33 मतदेय स्थल और एक मतदान केंद्र।
इस प्रकार कुल 182 मतदेय स्थल और 21 मतदान केंद्र की वृद्धि हुई है। बैठक में अवगत कराया गया कि जिले में 2841 मतदेय स्थल और 1703 मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इस दौरान सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से प्रस्ताव के संबंध में सुझाव और आपत्ति मांगी गई है।
डीएम श्री सिंह ने कहा कि आपत्तियों की जांच कराकर उसे भी शामिल किया जाएगा। मतदेय स्थलों का आलेख प्रकाशन 23 अगस्त को किया जाएगा। जिसकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय और संबंधित तहसीलों में जन सामान्य के निरीक्षण के लिए नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी।